Tuesday, December 4, 2018

बुलंदशहर हिंसाः कौन हैं हिंसा के अभियुक्त

उत्तर प्रदेश पुलिस ने बुलंदशहर में हुई हिंसा के मामले में अब तक चार अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया है. पुलिस ने हिंसा के मामले में कुल 27 अभियुक्तों को नामज़द किया है.

पुलिस ने 50-60 अज्ञात लोगों को भी एफ़आईआर में शामिल किया है जिनकी घटना से जुड़े वीडियो के आधार पर पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

बजरंग दल के सदस्य योगेश राज नाम के युवक को भी इस मामले में अभियुक्त बनाया है. योगेश राज ने ही पुलिस को कथित गोहत्या की सूचना दी थी.

यूपी पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (क़ानून व्यवस्था) आनंद कुमार के मुताबिक़ अभी तक योगेश राज को गिरफ़्तार नहीं किया गया है.

बुलंदशहर में सोमवार को भीड़ के हमले में स्याना थाने के एसएचओ सुबोध कुमार की मौत हो गई थी जबकि सुमित नाम के एक युवक की भी मौत हुई है.

इस हिंसा की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है जो 48 घंटों के भीतर अपनी रिपोर्ट पेश करेगी.

हिंसा भड़काने वाले युवा
आनंद कुमार के मुताबिक़ कुल दो मुक़दमे दर्ज किए गए हैं जिनमें से एक कथित गोहत्या के मामले में है जबकि दूसरा हिंसा के मामले में है.

हिंसा के मुक़दमे में कुल 27 लोगों को नामज़द किया गया है जिनमें से चार को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है.

इन अभियुक्तों में पहला नाम योगेश राज का है. उन पर दंगा भड़काने, हत्या करने और हत्या की कोशिश करने की धाराओं में मुक़दमा दर्ज किया गया है.

योगेश राज बुलंदशहर में विश्व हिंदू परिषद के युवा संगठन बजरंग दल के सक्रिय कार्यकर्ता हैं.

हालांकि आनंद कुमार ने पत्रकारों के सवाल पर योगेश राज के संगठन का नाम बताने से परहेज़ करते हुए कहा कि हम किसी संगठन का नाम नहीं ले रहे हैं.

उन्होंने कहा, "योगेश घटना में नामित अभियुक्त हैं जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है."

बजरंग दल के मेरठ प्रांत के संयोजक बलराज डूंगर के मुताबिक़ योगेश राज सात-आठ साल से बजरंग दल से जुड़े हैं और बुलंदशहर के ज़िला संयोजक हैं. डूंगर के मुताबिक़ वो गोरक्षा अभियान में भी सक्रिय रहे हैं.

No comments:

Post a Comment